बलौदाबाजार-भाटापारा, 16 अगस्त 2026। ग्राम छेरकापुर में गणेश पर्व के लिए मूर्ति स्थापना को लेकर चल रही बैठक के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान तीन लोगों ने एक युवक पर लकड़ी के बत्ते से जानलेवा हमला कर दिया। मामले में पलारी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 13 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे राम सागर पारा मंदिर चौक के पास हुई। गणेश पर्व में मूर्ति स्थापना को लेकर बैठक चल रही थी। इसी दौरान बैठक में जोर-जोर से बात करने को लेकर चित्रकांत वर्मा, लोकेश्वर वर्मा और विजय वर्मा वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान चित्रकांत वर्मा ने लकड़ी के बत्ते से लेखराम वर्मा के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई वंशराम वर्मा के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
🏥 ICU में घायल का इलाज
गंभीर रूप से घायल लेखराम वर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीराम अस्पताल, बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया, जहां वे ICU में उपचाराधीन बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस ने अपराध क्रमांक 338/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी चित्रकांत वर्मा के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बत्ता और खून लगे कपड़े जब्त किए गए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. चित्रकांत वर्मा, उम्र 31 वर्ष
2. लोकेश्वर उर्फ लोकू उर्फ लोकेश वर्मा, उम्र 28 वर्ष
3. विजय कुमार वर्मा, उम्र 54 वर्ष
तीनों आरोपी ग्राम छेरकापुर, थाना पलारी के निवासी बताए गए हैं।
मामले में धारा 296, 351(3), 115(2), 109, 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।














