मुंगेली :- शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला केशलीकला में पदस्थ शिक्षक उमेश कुमार यादव के खिलाफ शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। शिक्षक पर स्कूल समय में शराब का सेवन कर विद्यालय पहुंचने और बिना अनुमति के विद्यालय से अनुपस्थित रहने के आरोप हैं,,,, शिक्षा विभाग के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को शैक्षिक समन्वयक के आकस्मिक निरीक्षण और प्राप्त वीडियो के आधार पर शिक्षक के स्कूल समय में नशे की हालत में उपस्थित होने की शिकायत सामने आई थी। निरीक्षण के दौरान विद्यालय खुलने के करीब आधे घंटे बाद भी शिक्षक अनुपस्थित पाए गए थे। जांच में उनके पूर्व में लगातार दो दिनों तक बिना अनुमति विद्यालय से अनुपस्थित रहने की बात भी सामने आई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुंगेली द्वारा शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया था। इसी बीच 27 जुलाई को ग्राम पंचायत केशलीकला के सरपंच ने दोबारा शिकायत की कि शिक्षक शराब के नशे में विद्यालय पहुंचे हैं।
शिकायत के बाद बीईओ कार्यालय ने थाना फास्टरपुर को पत्र लिखकर शिक्षक का चिकित्सकीय परीक्षण कराने का अनुरोध किया। पुलिस द्वारा कराए गए मेडिकल परीक्षण में शिक्षक के शराब का सेवन किए होने की पुष्टि हुई।
जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली के पत्र क्रमांक क/4528/अनुशासनात्मक कार्रवाई/2026, दिनांक 06 अगस्त 2026 के आधार पर शिक्षक उमेश कुमार यादव को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुंगेली निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
शिक्षक के खिलाफ की गई इस कार्रवाई के बाद विद्यालयों में अनुशासन, शिक्षकों की जिम्मेदारी और विद्यार्थियों के सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण को लेकर शिक्षा विभाग की सख्ती चर्चा में है।














