भाटापारा| ब्रह्मकुमारीज की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान का आयोजन किया जा रहा है। मानवता की सेवा और रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान 21 से 25 अगस्त 2026 तक पूरे भारत एवं नेपाल में आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में समाज सेवा प्रभाग एवं ब्रह्माकुमारीज, भाटापारा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 23 अगस्त 2026 को भाटापारा में विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन भाग्य विधाता भवन, नरसिंह विहार कॉलोनी, भाटापारा में प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में मानवता, सेवा और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करने के लिए इस महाअभियान का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों ने युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस पुनीत अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।














