बलौदाबाजार ,जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 130-बी को फोरलेन में बदलने की तैयारी अब तेज हो गई है। खरतोरा से सारंगढ़-बिलाईगढ़ की ओर जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि जिले के बड़े औद्योगिक क्षेत्र को भी तेज और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को वन, राजस्व और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और जमीन अधिग्रहण से लेकर पेड़ों के सर्वे तक की प्रारंभिक प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
एनएच 130-बी जिले में ग्राम खरतोरा से शुरू होकर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सीमा तक जाती है। इस सड़क के चौड़ीकरण से प्रभावित होने वाले गांवों के खसरा नंबरों का राजपत्र में प्रकाशन पहले ही हो चुका है। अब भू-अर्जन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रभावित जमीनों का सर्वे कराया जाएगा। वहीं वन विभाग सड़क के दोनों ओर आने वाले पेड़ों का सर्वे करेगा।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि चौड़ीकरण के दौरान केवल जरूरी पेड़ों की ही कटाई हो और पर्यावरणीय नुकसान को न्यूनतम रखा जाए। बलौदाबाजार जिले की पहचान देश के प्रमुख सीमेंट उत्पादन क्षेत्रों में होती है। एनएच 130 बी और इससे जुड़े मार्गों पर रोजाना बड़ी संख्या में भारी वाहन चलते हैं।
सेंचुरी सीमेंट बैकुंठपुर, अल्ट्राटेक सीमेंट रावन, श्री सीमेंट भरवाडीह, अल्ट्राटेक हिरमी, इमामी सीमेंट रिसदा, अंबुजा सीमेंट रावन, अल्ट्राटेक सरकीपार और नवोको सीमेंट सोनाडीह जैसे बड़े संयंत्रों से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रकों में सीमेंट की ढुलाई होती है।मौजूदा टू-लेन सड़क पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ने से कई स्थानों पर यातायात की रफ्तार प्रभावित होती है। फोरलेन बनने के बाद इस दबाव को काफी हद तक कम करने की उम्मीद है।














