बलौदाबाजार में नए एसपी गौरव राय ने पुलिस अधिकारियों की बड़ी मीटिंग ली है.
बलौदाबाजार: जिले में कानून व्यवस्था को सख्त करने के लिए बलौदाबाजार एसपी गौरव राय ने लगातार मीटिंग का दौर शुरू कर दिया. रविवार को एसपी ने मैराथन क्राइम मीटिंग ली है. पूरे दिन चली इस समीक्षा बैठक में जिले के बलौदाबाजार, कसडोल और भाटापारा, तीनों पुलिस अनुभागों की अलग-अलग समीक्षा की गई. बैठक में 31 जुलाई 2026 की स्थिति में लंबित अपराध, मर्ग, शिकायतों और बीएनएसएस के तहत लंबित विवेचनाओं की बारीकी से समीक्षा की गई. एसपी ने थाना और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबे समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर जोर दिया है.
तीनों अनुभागों की हुई समीक्षा
पुलिस अधीक्षक ने समीक्षा बैठक को तीन चरणों में आयोजित किया. सुबह 10 बजे बलौदाबाजार अनुभाग के थानों और चौकियों की समीक्षा की गई. इसके बाद दोपहर 12 बजे कसडोल अनुभाग और दोपहर 2 बजे भाटापारा अनुभाग की समीक्षा की गई. इस दौरान प्रत्येक थाना और चौकी में लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली गई और अधिकारियों से प्रकरणों के लंबित रहने का कारण पूछा गया.
पेंडिंग केसों को निपटाने का आदेश
क्राइम मीटिंग में एसपी गौरव राय ने लंबित अपराध, मर्ग और शिकायतों को लेकर थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निराकरण लंबे समय से लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विवेचना के दौरान सभी आवश्यक साक्ष्यों का वैज्ञानिक और विधिसम्मत तरीके से संकलन किया जाए, ताकि प्रकरण न्यायालय में मजबूत तरीके से प्रस्तुत हो सके. एसपी ने स्पष्ट किया कि सिर्फ आंकड़ों में पेंडेंसी कम करना पर्याप्त नहीं है. मामलों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए.
बैठक में नवीन भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी BNSS की धारा 193(9) के तहत पूरक चालान और अग्रिम विवेचना से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई. विवेचकों को निर्देश दिए गए कि लंबित विवेचना में आवश्यक साक्ष्यों को समय पर संकलित करें और नियमानुसार न्यायालय में चालान प्रस्तुत करें.
शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच की जाए. अनावश्यक रूप से शिकायतों को लंबित न रखा जाए और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. मर्ग मामलों में भी मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक जांच और साक्ष्य संकलन पर जोर दिया जाए- गौरव राय, एसपी, बलौदाबाजार
सभी अपराधों पर रोक लगाने के निर्देश
क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण को लेकर भी पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए. जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी, जुआ-सट्टा तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. एसपी ने कहा कि अपराध पर नियंत्रण के लिए सिर्फ कार्रवाई ही नहीं, बल्कि बेसिक पुलिसिंग को भी मजबूत करना जरूरी है. इसके लिए नियमित गश्त, पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए.
थानों की कार्यप्रणाली पर रहेगी नजर
बैठक में थाना और चौकी स्तर पर पुलिसिंग की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अपराध की रोकथाम के लिए सक्रिय रहने कहा गया. संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करने और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों पर तत्काल प्रतिक्रिया देने के निर्देश भी दिए गए. पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि आम लोगों के साथ पुलिस का व्यवहार संवेदनशील और जिम्मेदार होना चाहिए. शिकायत लेकर थाने पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए














