संदीप यादव मुंगेली। 2014 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी अमृत विकास तोपनो ने मुंगेली जिले के 12वें कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। जिला कलेक्टोरेट आगमन पर अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी और अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित अधिकारियों-कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
जनदर्शन के समय में बदलाव
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार अब जिला कलेक्टोरेट में आयोजित होने वाला कलेक्टर जनदर्शन प्रत्येक मंगलवार दोपहर 02 बजे से आयोजित किया जाएगा। नागरिक अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों के आवेदन सीधे जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
जिले के विकास और जनसेवा पर जोर
पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर ने प्रशासनिक प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सकारात्मक सोच, आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने की हिदायत दी। साथ ही, आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से लंबित फाइलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
प्रशासनिक अनुभव अमृत विकास तोपनो को प्रशासनिक क्षेत्र का व्यापक अनुभव प्राप्त है। वे इससे पहले सक्ती जिले के कलेक्टर रह चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2020 में उन्होंने संस्कृति विभाग के संचालक के पद पर कार्य किया है और अर्थशास्त्र, सांख्यिकी एवं योजना विभागों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
मुंगेली जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, बुनियादी ढांचे और आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों को गति देना जिला प्रशासन की मुख्य प्राथमिकता रहेगी।














