बलौदाबाजार जिले के पलारी पुलिस ने उपसरपंच प्रतिनिधि से मारपीट और मोबाइल लूटने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात पुरानी रंजिश और बेदखली को लेकर हुई थी। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
सेमरिया निवासी उपसरपंच प्रतिनिधि गोवर्धन यादव ने पलारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे व्यायाम करने गए थे। इसी दौरान रुपेश कुमार भारद्वाज और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और बेल्ट से मारपीट की।
मोबाइल लूटकर भागे आरोपी
मारपीट के दौरान आरोपियों ने गोवर्धन यादव का मोबाइल भी लूट लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पलारी थाने में अपराध क्रमांक 265/2025 दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 117(2) और 309(6) बीएनएस भी जोड़ी।
पुलिस ने जांच के दौरान रुपेश कुमार भारद्वाज और सचिन कुमार जोशी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल एचएफ डीलक्स बाइक (CG04 NH 1160) और चमड़े का बेल्ट जब्त किया है।
कोर्ट ने भेजा जेल
थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को 27 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दो गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
गिरफ्तार आरोपियों में रुपेश कुमार भारद्वाज (27), निवासी सेमरिया और सचिन कुमार जोशी (20), निवासी तेलासी शामिल हैं। मामले का एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।मामले की जांच जारी है।














