शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मल्दी में राखी बनाओ प्रतियोगिता और बालसभा संपन्न

अर्जुनी।शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मल्दी, विकासखंड भाटापारा में रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में राखी बनाओ प्रतियोगिता एवं बालसभा का भव्य आयोजन किया गया। विदित हो कि, रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। यह त्योहार श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। राखी को रक्षा-सूत्र भी कहा जाता है, जिसमें बहन भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र की कामना करती है और भाई जीवन भर उसकी रक्षा का वचन देता है। आज के समय में हस्तनिर्मित राखियों का महत्व बढ़ गया है, जो बच्चों में रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान को बढ़ावा देती हैं।

इसी उद्देश्य को लेकर विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ऊन, कागज, मोती और रंगों से आकर्षक राखियां बनाईं।

शनिवार को आयोजित विशेष बालसभा में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 वर्ग में तनु रजक – प्रथम, मानवी ध्रुव – द्वितीय, नेहा ध्रुव – तृतीय रही।

कक्षा 1 से 5 वर्ग में: राधिका साहू – प्रथम, लोकेश्वरी – द्वितीय, रूपा – तृतीय स्थान पर रही।

बालसभा में बच्चों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसकी शिक्षकों ने सराहना की।

इस अवसर पर संस्था प्रमुख डॉ. अनुपमा पटेल ने बच्चों को रक्षाबंधन के महत्व और स्वदेशी राखियों के उपयोग के लिए प्रेरित किया। शिक्षक भोजराम वर्मा ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला और इसे पवित्र भाव के साथ मानने के लिए बच्चों को संदेश दिया।

कार्यक्रम में शिक्षक लेखराम साहू, वंदना वर्मा,सुरेंद्र कुमार वर्मा, लछनी ध्रुव एवं बिंदु वर्मा सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles