दुर्ग। भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने और क्षेत्र में दहशत फैलाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। थाना खुर्सीपार पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों एवं घटनास्थल से कुल तीन धारदार हथियार बरामद कर जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार क्षेत्र में कुछ युवक धारदार हथियार लेकर सार्वजनिक स्थान पर घूम रहे हैं। वे खुद को क्षेत्र का दबंग बताते हुए आने-जाने वाले राहगीरों को डराने-धमकाने के साथ क्षेत्र में भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना खुर्सीपार पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवकों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना नाम गोविन्द साहू (20 वर्ष) और सुरज कुमार कोठारी (19 वर्ष) बताया। जांच के दौरान एक विधि से संघर्षरत बालक की भी मामले में संलिप्तता सामने आई, जिसे पुलिस ने अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाशी लेने के साथ घटनास्थल की भी जांच की। इस दौरान कुल तीन धारदार हथियार बरामद किए गए। हथियारों को विधिवत जब्त कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।थाना खुर्सीपार पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 382/2026, 383/2026 और 384/2026 दर्ज किए हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत पृथक-पृथक प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने पर उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर घूमना और राहगीरों को डराना-धमकाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर स्थिति पैदा कर सकता था। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से संभावित अप्रिय घटना को टालने में मदद मिली।











