अब दिव्यांग महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को भी मिलेगा महतारी वंदन योजना का लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए संचालित महतारी वंदन योजना को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार योजना का पोर्टल एक बार फिर खोलने की तैयारी कर रही है। इसके जरिए पात्र महिलाओं को योजना से दोबारा जोड़ने के साथ ही कुछ नए वर्गों को भी इसका लाभ देने की तैयारी है।महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि सरकार दिव्यांग महिलाओं, कुछ अविवाहित युवतियों और ट्रांसजेंडर महिलाओं को महतारी वंदन योजना के दायरे में लाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए संबंधित वर्गों की पात्रता और उम्र की सीमा तय की जाएगी।मंत्री ने कहा कि जब महतारी वंदन योजना का पोर्टल दोबारा खोला जाएगा, तब नए पात्र वर्गों को भी इसमें शामिल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही ऐसी विवाहित महिलाएं, जो किसी कारणवश योजना से जुड़ नहीं पाई हैं, उन्हें भी दोबारा अवसर देने की तैयारी है।मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि पात्र महिलाओं को योजना के लाभ से जोड़ा जाए। पोर्टल खुलने के बाद निर्धारित नियमों के अनुसार नए वर्गों को भी योजना में शामिल किया जाएगा। फिलहाल सरकार की ओर से पोर्टल दोबारा खोलने की प्रक्रिया और नए वर्गों के लिए अंतिम पात्रता शर्तों को लेकर औपचारिक घोषणा का इंतजार है।

Hot Topics

Related Articles