राम नाम सप्ताह शोभायात्रा में सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा

भाटापारा,पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में आगामी त्योहारों एवं आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने हेतु भाटापारा पुलिस द्वारा लगातार शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 30 अगस्त को थाना भाटापारा शहर परिसर में राम नाम सप्ताह एवं आगामी 5 सितंबर को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के संबंध में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। शोभायात्रा, झांकी व रैली के निर्धारित रूट तथा समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार खोमन सिन्हा एवं एसडीओपी भाटापारा तारेश साहू, तहसीलदार भाटापारा अभिषेक अग्रवाल, नगर पालिका परिषद भाटापारा के पदाधिकारी एवं कर्मचारियों की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित पाटले एवं थाना स्टाफ सहित भाटापारा नगर के राम सप्ताह समिति के पदाधिकारी, विभिन्न वार्डों के प्रतिष्ठित नागरिक, वरिष्ठ जन तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सुरक्षा और यातायात के लिए पुलिस बल तैनात होंगे

शोभायात्रा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुगम बनाए रखने तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती को लेकर चर्चा की गई। शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन एवं मानक आवाज सीमा के भीतर ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने की हिदायत दी गई।

आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या शांति भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। बैठक के दौरान उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं समिति के सदस्यों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे, जिन पर पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

भाटापारा पुलिस ने सभी नागरिकों एवं आयोजकों से अपील की है कि आगामी राम सप्ताह एवं शोभायात्रा के आयोजन को आपसी भाईचारे, शांति व सौहार्द के साथ भव्य रूप से संपन्न कराएं तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें।

Hot Topics

Related Articles