बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान पथराव और हिंसा के मामले में फरार आरोपी और आदतन बदमाश सोहेल खान ने मंगलवार शाम सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सोहेल खान ने आरोप लगाया कि उसे झूठे केस में फंसाया जा रहा है। उसका कहना है कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद ही नहीं था। यह भी दावा किया कि इससे पहले भी उसे आत्महत्या के एक मामले में फंसाया गया था।घटना के दौरान हुए पथराव में TI समेत 8 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इसके बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और धारा 144 लागू है। एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए हैं। सोहेल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके रिश्तेदारों के घर और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। इस दौरान उसके परिजनों को थाने में बैठाकर पूछताछ भी की गई। इसके बाद सोहेल सरेंडर करने पहुंचा। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।सोहेल खान ने सरेंडर करने से पहले मीडिया से बात की। उसने कहा कि वह इस कांड में शामिल नहीं था। मोहल्ले के कुछ युवकों के विरोध करने की जानकारी मिलने पर वह घर से बाहर निकल रहा था, लेकिन परिजनों ने उसे जबरदस्ती घर पर रोक लिया। सोहेल ने आरोप लगाया कि उसे झूठे केस में फंसाया जा रहा है। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की। वहीं, सोहेल को हिरासत में लेने के बाद एसीसीयू की टीम ने देर रात तक उससे पूछताछ की। पुलिस उससे घटना में शामिल फरार आरोपियों और उनके ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस आज उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।








