शिक्षक दिवस पर विधायक इंद्र साव करेंगे शिक्षकों का सम्मान

भाटापारा ,शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर को स्थानीय कुर्मी बोर्डिंग मंडी रोड में स्व. केआर साव सेवानिवृत्त प्रधान पाठक की स्मृति में सम्मान समारोह होगा। आयोजन छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ के तत्वावधान में रखा गया है। केबीसी में 50 लाख रुपए जीतकर भाटापारा सहित छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले योगेश साहू का भी विशेष सम्मान किया जाएगा।

स्व. केआर साव की स्मृति में यह कार्यक्रम हर साल शिक्षक दिवस पर होता है। आयोजन उनके सुपुत्र इंद्र साव के सौजन्य से लगातार हो रहा है। इस बार भी 5 सितंबर को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले, उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले शिक्षकों का सम्मान होगा। इंद्र साव ने बताया कि शिक्षक समाज निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। वे शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। इसी योगदान के लिए शिक्षक दिवस पर सम्मान समारोह किया जाता है।

संघ के अध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद पटेल ने बताया कि कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से होगा। मुख्य अतिथि भाटापारा विधानसभा के विधायक इंद्र साव रहेंगे। अध्यक्षता सुरेश वर्मा प्रदेश उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ कांग्रेस व्यापारी प्रकोष्ठ करेंगे। विशिष्ट अतिथि सतीश अग्रवाल पूर्व सदस्य भवन एवं अन्य सन्निर्माण कल्याण मंडल छत्तीसगढ़ शासन, सुशील शर्मा पूर्व अध्यक्ष कृषि उपज मंडी समिति भाटापारा, रोशन हबलानी पूर्व सदस्य सिंधी अकादमी छत्तीसगढ़ शासन, आलोक मिश्रा पूर्व सदस्य श्रम कल्याण मंडल छत्तीसगढ़ शासन रहेंगे।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक शामिल होंगे। सम्मानित शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह भेंट किए जाएंगे। रघुनाथ प्रसाद पटेल ने सेवा निवृत्त शिक्षकों, पेंशनरों, नागरिकों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

 

Hot Topics

Related Articles