संदीप यादव मुंगेली। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट के मणियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विभागवार समीक्षा की।
कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों के आवेदनों और शिकायतों का निराकरण गुणवत्तापूर्ण और समय-सीमा में होना चाहिए। अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम आदमी तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सड़कों की स्थिति पर नाराजगी -बैठक के दौरान जिले में सड़कों की स्थिति की समीक्षा पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां-जहां सड़क खराब है, वहां तत्काल पैच वर्क और मरम्मत कराई जाए। खराब सड़कों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य किया जाए।
शिकायतों का वास्तविक समाधान हो –
कलेक्टर ने अधिकारियों को कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न करें, बल्कि आवेदक की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। सीएम हेल्पलाइन और जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
पीएम आवास और किसान निधि की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लंबित प्रकरणों और ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही पीएम आवास योजना में अप्रारंभ आवासों को तत्काल शुरू कराने और निर्माणाधीन आवासों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।








