बलौदाबाजार ,भाजपा के रायपुर संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह बुधवार को बलौदाबाजार पहुंचे। दौरे के दौरान उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इसी क्रम में वह चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष लक्ष्मी साहू के संस्थान पहुंचे, जहां व्यापारियों ने स्थानीय व्यापार से जुड़ी समस्याएं रखीं।
बैठक में चेंबर उपाध्यक्ष उमेश अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव भी मौजूद रहे। व्यापारियों ने तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों, नगरहित से जुड़े मुद्दों और यातायात व्यवस्था से संबंधित समस्याओं की जानकारी दी। डॉ. सिंह ने समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए प्रयास करने की बात कही। चर्चा में मुक्तिधाम से जुड़े विषय भी उठे। डॉ. सिंह ने कहा कि इन मुद्दों को संबंधित स्तर पर उठाकर शीघ्र निराकरण की कोशिश की जाएगी। उन्होंने चेंबर से व्यापारियों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी ली।
उमेश अग्रवाल ने छुईहा डैम जलाशय को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने और इसके कैचमेंट एरिया के विस्तार का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हर साल साइबेरिया से प्रवासी पक्षी आते हैं। कैचमेंट एरिया बढ़ने से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और इससे स्थानीय व्यापार को लाभ मिल सकता है।
डॉ. सिंह ने लक्ष्मी साहू को सुझाव दिया कि व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव के सहयोग से उच्च अधिकारियों के सामने रखा जाए, ताकि समाधान की प्रक्रिया तेज हो सके।








