राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने पॉलिसीधारक के पते की जगह अपना पता दर्ज कर कथित तौर पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले LIC एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर योजनाबद्ध तरीके से पॉलिसियों में हेरफेर कर पॉलिसीधारक को करीब ₹6,39,571 रुपये का आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप है।पुलिस के अनुसार, आवेदक मुकेश सोनकर ने अपने और परिवार के सदस्यों के नाम से LIC एजेंट देवेन्द्र सोनकर, उम्र 45 वर्ष, निवासी राजनांदगांव के माध्यम से विभिन्न बीमा पॉलिसियां ली थीं। 7 अप्रैल 2026 को LIC कार्यालय में जानकारी लेने पर उन्हें पॉलिसियों से संबंधित अनियमितताओं का पता चला।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी एजेंट ने पॉलिसीधारकों के वास्तविक पते के स्थान पर अपना पता दर्ज कर नई पॉलिसियां खुलवाईं, जबकि पुरानी पॉलिसियों को नियमित नहीं कराया। इसके चलते कई पॉलिसियां लैप्स हो गईं और पॉलिसीधारक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
मामले की जांच के बाद थाना बसंतपुर पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र सोनकर के खिलाफ अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत धारा 318(4), 316(5) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया गया।








