मैं हूँ साइबर शिक्षक: मुंगेली पुलिस ने शिक्षकों का किया सम्मान, 1150 बच्चों को दी साइबर सुरक्षा की जानकारी SSP भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में शिक्षक दिवस पर चला विशेष अभियान, QR कोड और सेल्फी स्टैंड बना आकर्षण का केंद्र

संदीप यादव मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में जिला मुंगेली में शिक्षक दिवस के अवसर पर “मैं हूँ साइबर शिक्षक” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के तहत जिले के थाना जरहागांव, सिटी कोतवाली मुंगेली, सरगांव एवं पथरिया पुलिस द्वारा शिक्षकों का सम्मान कर साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस टीमों ने स्कूलों में पहुंचने के साथ-साथ शिक्षकों के घर जाकर भी उनका सम्मान किया और स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस दौरान शिक्षकों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों – फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं डिजिटल सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस ने “साइबर शिक्षा से साइबर सुरक्षा” का संदेश दिया।

सरगांव में 1150 बच्चों को किया जागरूक 
थाना सरगांव क्षेत्र में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल सरगांव में लगभग 300, कन्या शाला स्कूल में लगभग 450 तथा स्वामी आत्मानंद स्कूल सरगांव में लगभग 400, इस प्रकार कुल लगभग 1150 बच्चों एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को क्यूआर कोड स्कैन कर साइबर जागरूकता से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सेल्फी स्टैंड के माध्यम से “मैं हूँ साइबर शिक्षक” एवं “साइबर शिक्षा से साइबर सुरक्षा” संदेश के साथ सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता अभियान में सहभागिता कराई गई।

मुंगेली पुलिस के इस विशेष अभियान का उद्देश्य शिक्षकों को “साइबर शिक्षक” की भूमिका निभाते हुए अपने विद्यार्थियों, परिवार एवं समाज को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने हेतु प्रेरित करना है।

Hot Topics

Related Articles