मुंगेली में यादव समाज की भव्य शोभा यात्रा में गूंजा जय यादव-जय माधव का नारा, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने रामगढ़ भवन के लिए 10 लाख की घोषणा

संदीप यादव मुंगेली। श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर आज मुंगेली में जिला यादव समाज द्वारा भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा पुराना बस स्टैंड मुंगेली से निकल कर दाऊपारा, पुलपारा, बड़ा बाजार, मल्हापारा, नया बस स्टैंड, पड़ाव चौक, मलाईघाट, बालानी चौक, गोल बाजार होते हुए पुनः कमेटी हॉल में झूमते-नाचते हुए समापन हुई।

इसके बाद कार्यक्रम के संरक्षक सीरिया यादव, प्रमुख गोटिया देवान और कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रहलाद यादव द्वारा मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं अध्यक्षता कर रहे विधायक पुन्नू लाल मोहले का स्वागत किया गया।

केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी केवल उत्सव का पर्व नहीं है। कृष्ण का जीवन संघर्षों से भरा रहा है, जन्म कारागार में हुआ, आधी रात माता-पिता से बिछड़े, यशोदा मैया के यहां भी कंस ने कई राक्षस भेजे लेकिन कृष्ण ने हार नहीं मानी। यही हमें सिखाता है कि विपत्ति आए तो मानवता की सेवा के लिए डटे रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कृष्ण सिर्फ यादव समाज के नहीं, पूरी सृष्टि के रक्षक हैं। द्वारकाधीश होकर भी उनकी मित्रता गरीब सुदामा से थी। यह सच्ची मित्रता की मिसाल है। यादव समाज सौभाग्यशाली है कि योगेश्वर कृष्ण ने यादव कुल में जन्म लिया, इसलिए हम जय यादव-जय माधव का नारा लगाते हैं।

 

उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए तीन चीज जरूरी है – शिक्षा, संगठन और नशा मुक्त समाज। नशा रूपी कंस को यहीं छोड़ने का संकल्प लें। कृष्ण को भगवान बनाया गौ माता ने, इसलिए यादव समाज का गौ सेवा से पुराना नाता है।

10 लाख की घोषणा
केंद्रीय मंत्री ने रामगढ़ में यादव समाज के भवन की मरम्मत के लिए 10 लाख रुपए सांसद निधि से देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसी महीने राशि स्वीकृत कर भेज दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर और राशि भी दी जाएगी। चिन्हांकित चौक पर लगने वाली कृष्ण प्रतिमा के लिए कहा कि समाज जैसी मूर्ति चाहेगा वैसी ही मूर्ति स्थापित की जाएगी।

विधायक मोहले ने कहा


विधायक पुन्नू लाल मोहले ने कहा कि हमें अपने बच्चों को खूब पढ़ाना है, इंजीनियर, डॉक्टर बनाना है तभी समाज आगे बढ़ेगा। यादव समाज को कृष्ण के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति के लिए पूर्व में की गई घोषणा के तहत मूर्ति अब नगर पालिका को प्राप्त हो चुकी है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, अर्जुन राजपूत, पूर्व विधायक चंद्रभान बारमते, शीलू साहू, श्रीकांत पांडे, शैलेश पाठक, रामशरण यादव, दिलीप बंजारा, रोहित शुक्ला, जी प्रकाश मिश्रा, संजय वर्मा, रामनाथ यादव, विजय बंजारा, असलम खान, अरविंद वैष्णव, मिठ्ठू लाल यादव, मोती यादव सहित हजारों यादव बंधु उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles