बलौदाबाजार ,नगर पालिका परिषद में अधोसंरचना मद से स्वीकृत विकास कार्यों में सात वार्डों की कथित अनदेखी के विरोध में कांग्रेस पार्षदों ने नगर पालिका कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। पार्षदों ने वार्ड क्रमांक 1, 4, 11, 13, 15, 17 और 20 को अपेक्षित विकास कार्य और राशि से वंचित किए जाने का आरोप लगाया। सभी 21 वार्डों में समान और संतुलित विकास की मांग रखी।
प्रदर्शन की जानकारी पर एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांग्रेस पार्षदों से चर्चा की। प्रदर्शन खत्म करने के लिए समझाइश दी। पार्षदों ने कहा कि विरोध किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं है। विरोध विकास कार्यों में कथित राजनीतिक भेदभाव के खिलाफ है। नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष और वार्ड 17 के पार्षद शेख सलमान ने कहा कि कांग्रेस पार्षदों ने नगरहित के प्रस्तावों पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सहयोग किया है। किसी पार्षद की राजनीतिक विचारधारा का खामियाजा उसके वार्ड की जनता को नहीं भुगतना चाहिए। सड़क, नाली, प्रकाश, जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं पर सभी वार्डों का समान अधिकार है। अधोसंरचना मद की राशि का वितरण वार्ड की जरूरत, जनसंख्या, नागरिक समस्याओं के आधार पर होना चाहिए। कांग्रेस पार्षदों ने सभी 21 वार्डों में स्वीकृत कार्यों और राशि का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। सात वंचित वार्डों में समानांतर राशि स्वीकृत कर विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग रखी। प्रदर्शन में अंजनी गोविंद पात्रे, श्रद्धा मनीष वर्मा, सुरेश घृतलहरे, डिगेश्वरी रविन्द्र नामदेव, ममता सुभाष राव सहित कांग्रेस पार्षद शामिल रहे।








