बलौदाबाजार,भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बलौदाबाजार में 15 दिवसीय पशु सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत सोमवार को प्रशिक्षार्थी पशु सखी दीदियों को उनके कार्य से संबंधित आवश्यक टूलकिट का वितरण किया गया। टूलकिट का वितरण लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शिव कुमार कंवर द्वारा, एसबीआई आरसेटी बलौदाबाजार के निदेशक बैजनाथ कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। वितरित टूलकिट में पशु सखी के कार्यों एवं पशुपालन संबंधी गतिविधियों में उपयोगी आवश्यक सामग्री एवं उपकरण शामिल हैं, जिससे पशु सखी दीदियों को अपने कार्यों के बेहतर संचालन में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर एलडीएम शिव कुमार कंवर ने पशु सखी दीदियों को प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पशु सखी ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं पशुपालन क्षेत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आरसेटी निदेशक बैजनाथ कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान और आवश्यक उपकरण उपलब्ध होने से पशु सखी दीदियां अपने कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संपादित कर सकेंगी। कार्यक्रम में पशु सखी के मास्टर ट्रेनर डॉ. चंदन कुर्रे, आरसेटी फैकल्टी विक्टर कोसरिया, अमिश यादव, अरुण कुमार, अमित कुमार एवं संस्थान के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।








