पूर्व विधायक शिव रतन शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत, प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर दिया जोर
कसडोल। कसडोल में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। समारोह में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शिव रतन शर्मा मुख्य रूप से सम्मिलित हुए और विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर शिव रतन शर्मा ने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने से आए होनहार बच्चों ने जिस जोश, जुनून और अनुशासन के साथ खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वह सराहनीय और प्रेरणादायी है। छत्तीसगढ़ के गांव-गांव में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करने की।
उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ें तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
पूर्व विधायक ने सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की पूरी टीम को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समापन समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सनम जांगड़े, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन साहू सहित जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








