बलौदा बाजार/पलारी। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक संचालित किए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के अंतर्गत थाना पलारी निरीक्षक परिवेश तिवारी ने नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। उन्होंने आमजन से अभियान से जुड़कर साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की।
निरीक्षक परिवेश तिवारी ने नागरिकों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सावधानी बरतने का संदेश दिया। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, शेयर मार्केट में फर्जी निवेश, फर्जी लोन ऐप तथा ऑनलाइन ठगी के अन्य मामलों के प्रति लोगों को सचेत किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को भ्रमित कर उनकी मेहनत की कमाई ठगने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
थाना पलारी निरीक्षक ने नागरिकों से ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ लेकर साइबर जागृति अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने आमजन को यह भी संदेश दिया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार की वित्तीय साइबर ठगी होती है, तो बिना देरी किए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें।








