डोंगरगांव : राजनांदगांव में जैसा नियम चलेगा, वैसा ही पालन करेंगे: गणेश समितियां

  • प्रशासन बोला- सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार होगा विसर्जन, रात 10 बजे बंद करना होगा डीजे

दीपक अवस्थी,डोंगरगांव। गणेश विसर्जन को लेकर बुधवार को प्रशासन और गणेश उत्सव समितियों की बैठक हुई। बैठक में विसर्जन व्यवस्था, ध्वनि की मर्यादा और कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। गणेश उत्सव समितियों ने कहा कि राजनांदगांव में जैसा नियम चलेगा, डोंगरगांव में भी समितियां उसी का पालन करेंगी। इस पर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार ही व्यवस्था लागू की जाएगी।

प्रशासन ने समितियों से कहा कि धार्मिक आयोजन में श्रद्धा और मर्यादा का ध्यान रखा जाए। अश्लील या आपत्तिजनक गाने नहीं बजाए जाएं। ढोल-नगाड़ों के साथ विसर्जन किया जा सकता है, लेकिन ध्वनि की मर्यादा का ध्यान रखना होगा।

  • रात 10 बजे डीजे बंद करना होगा

बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विसर्जन की प्रक्रिया देर रात तक चल सकती है, लेकिन रात 10 बजे डीजे बंद करना होगा। इसके बाद डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस ने कहा कि तेज आवाज में समझाइश देना भी मुश्किल होता है, इसलिए समितियां स्वयं भी ध्वनि की मर्यादा का ध्यान रखें।

  • शराब पीकर जुलूस में शामिल न हों

पुलिस ने समितियों से कहा कि शराब का सेवन कर कोई व्यक्ति विसर्जन जुलूस में शामिल न हो। सभी समितियां प्रशासन की व्यवस्था में सहयोग करें और ऐसी स्थिति निर्मित न होने दें, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।

बैठक में बताया गया कि 26 सितंबर को गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन बड़गांव नदी में किया जाएगा। करीब 20 गणेश उत्सव समितियों से विसर्जन के दौरान प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सहयोग की अपील की गई।

बैठक में एसडीएम अनिकेत साहू, तहसीलदार कमल किशोर साहू, थाना प्रभारी आशीर्वाद रहटगांवकर सीएमओ

विनम्र जेमा, पटवारी अजय राणा, नीरज द्विवेदी, जिला भाजपा प्रवक्ता राम कुमार गुप्ता, पार्षद प्रफुल्ल जैन सहित गणेश उत्सव समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles