अंबागढ़ चौकी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर 2 अक्टूबर को वार्ड पार्षद दिलीप कुंभकार के नेतृत्व में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वार्ड में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद पार्षद एवं स्थानीय नागरिकों ने वार्ड के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया। वहीं, एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर नागरिकों को पौधों की नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता लाने पुनः उपयोग योग्य बोतलों का वितरण भी किया गया। पार्षद दिलीप कुंभकार ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने, स्वच्छता बनाए रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।








