अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का खुलासा, सरगना समेत दो गिरफ्तार; छह बाइक बरामद

 

कसडोल। विभिन्न जिलों में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का कसडोल पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ चांटी और उसके साथी यश कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की छह दुपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपए बताई गई है। मामले में गिरोह का एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार जिले में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कसडोल थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

मामले की शुरुआत ग्राम अर्जुनी निवासी चैतुसिंग पैकरा (54) की शिकायत से हुई। उन्होंने पुलिस को बताया कि 19 मार्च 2023 की रात करीब 12 बजे उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 CW 8512 घर के सामने खड़ी की थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर थाना कसडोल में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मुख्य आरोपी खगेश उर्फ चांटी के हैदराबाद, तेलंगाना में छिपे होने की जानकारी मिली। साइबर सेल की मदद से पुलिस टीम ने हैदराबाद में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके साथी यश कुमार साहू को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में आरोपियों ने अपने एक अन्य फरार साथी के साथ मिलकर अर्जुनी, भाटागांव बस स्टैंड रायपुर, महासमुंद बस स्टैंड, धरसींवा, गिधौरी बस स्टैंड और मेऊ भांटा (पामगढ़) से कुल छह दुपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। चोरी के वाहनों को छिपाने और उन्हें बेचने में यश साहू की संलिप्तता सामने आई है।

ये वाहन हुए बरामद

1. बिना नंबर की काला-लाल रंग की HF डीलक्स — ग्राम अर्जुनी से चोरी।

2. काले रंग की एक्टिवा — भाटागांव बस स्टैंड, रायपुर से चोरी।

3. नीले रंग की HF डीलक्स — मेऊ भांटा, पामगढ़ से चोरी।

4. स्प्लेंडर — गिधौरी बस स्टैंड से चोरी।

5. बिना नंबर की HF डीलक्स — धरसींवा से चोरी।

6. बिना नंबर की HF डीलक्स — महासमुंद से चोरी।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को 2 अक्टूबर को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही है।

Hot Topics

Related Articles