भाटापारा स्टेशन पर टिकट चेकिंग अभियान, 169 मामलों से 1.26 लाख रुपये राजस्व वसूला

बिना टिकट यात्रा करने वाले 107 यात्री पकड़े गए, रेलवे ने यात्रियों से उचित टिकट लेकर यात्रा करने की अपील की

भाटापारा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर भाटापारा रेलवे स्टेशन में 1 अक्टूबर 2026 को किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों के साथ 8 ट्रेनों में टिकटों की जांच की गई। इस दौरान कुल 169 मामले दर्ज किए गए, जिनसे रेलवे को 1,26,696 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

अभियान में बिना टिकट यात्रा करने वाले 107 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से रेलवे ने 93,755 रुपये राजस्व वसूला। वहीं अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले 41 यात्रियों से 30,580 रुपये तथा अधिक लगेज लेकर यात्रा करने वाले 21 यात्रियों से 2,360 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

टिकट लेने के प्रति जागरूक करना उद्देश्य

रेल प्रशासन के अनुसार टिकट चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना है। अभियान के दौरान यात्रियों को सही टिकट लेकर निर्धारित श्रेणी के कोच में यात्रा करने की समझाइश भी दी गई।

इस अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक टिकट चेकिंग सहित 13 टिकट चेकिंग स्टाफ शामिल रहे।

प्लेटफॉर्म टिकट लेने की भी अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के लिए उचित टिकट अवश्य लें। रेल परिसर में प्रवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म टिकट खरीदना भी सुनिश्चित करें। इसके साथ ही यात्रियों से रेलगाड़ियों और रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा समय-समय पर टिकट चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से यात्रियों को टिकट लेकर यात्रा करने, निर्धारित कोच में बैठने और रेलवे के नियमों का पालन करने के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से टिकट जांच के दौरान रेलवे कर्मचारियों का सहयोग करने और नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं सुखद यात्रा करने की अपील की है।

Hot Topics

Related Articles