बिलासपुर:- हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। चरित्र शंका को लेकर एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी पर रॉड से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने गर्भ में पल रहे बच्चे को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत नाजुक होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
तीन साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार चकरभाठा क्षेत्र में रहने वाली सभ्या की शादी तीन साल पहले बोड़सरा निवासी आशीष कौशिक से हुई थी। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात दोनों घर पर थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। पत्नी ने विरोध किया तो मारपीट शुरू हो गई।
पेट पर किया हमला, खून से लथपथ हुई महिला
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने रॉड से पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जानकारी मिलने पर स्वजन महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच में गर्भस्थ शिशु की मौत की पुष्टि की। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
पहले भी कर चुका है मारपीट
पुलिस के मुताबिक आरोपी की हिंसक प्रवृत्ति का यह पहला मामला नहीं है। करीब पांच महीने पहले जब उसकी पत्नी मायके में थी, तब रात में खाना देर से देने की बात पर आरोपी ने अपनी वृद्ध मां के साथ भी मारपीट की थी। पुलिस का कहना है कि वह आए दिन घरवालों से विवाद और मारपीट करता था। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस बोड़सरा सहित संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।








