नशा मुक्ति अभियान को लेकर पोटगांव में निकली जागरूकता रैली, सैकड़ों लोगों ने लिया संकल्प

विकास सिन्हा,पोटगांव। नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और गांव को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को ग्राम पोटगांव में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ माध्यमिक शाला के बच्चे एवं शिक्षक शामिल हुए।

रैली श्री राम सरोवर मानस मंच बाजार चौक से शुरू होकर बजरंग चौक, अस्पताल पारा, गौरा चौक, शीतला मंदिर चौक होते हुए पुनः मानस मंच पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने “जागो बहना, जागो भाई”, “नशा मुक्ति की आंधी आई” तथा “हम सबका एक ही नारा, नशामुक्त हो पोटगांव हमारा” जैसे नारे लगाए।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए कहा कि वे शराब का नशा नहीं करेंगे और न ही शराब बेचेंगे। साथ ही पोटगांव को नशामुक्त बनाने के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि जनपद सदस्य पंचू राम नायक ने कहा कि, “माहौल को बदलना है तो हमको खुद बदलना पड़ेगा। वर्तमान स्थिति में हम जो सीख रहे हैं या जो सीख चुके हैं, उसी का अनुकरण आने वाली पीढ़ी करेगी। इसलिए समाज को बदलने के लिए सबसे पहले हमें खुद को सुधारना पड़ेगा।” उन्होंने कहा कि नशे के कारण परिवार बर्बाद होते हैं और युवाओं को नशे से दूरी बनाकर शिक्षा एवं अच्छे कार्यों की ओर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि पोटगांव में बच्चे डॉक्टर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और वह दिन दूर नहीं जब इसी गांव से आईएएस और आईपीएस अधिकारी भी निकलेंगे।

कोरर थाना से एसआई छात्रपाल साहू ने नशे के साथ कानून व्यवस्था और साइबर सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि शराब बेचते या लड़ाई-झगड़ा करते पाए जाने पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और किसी को भी OTP नहीं बताने की अपील की। साथ ही बाल विवाह एवं बच्चों के यौन शोषण से संबंधित सुरक्षा एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती देवकुमारी मंडावी, जनपद सदस्य पंचू राम नायक, उपसरपंच हेमंत नायक, ग्राम पटेल हिरेन्द्र कुबेर, पूर्व उपसरपंच दिलीप राजपूत, मजबूत ठाकुर, सखा राम महला, मानेेश कुल्हारिया, चैन सिंह साहू, गिरधारी मंडावी, बाबूलाल साहू, अब्दुल खलील खान, भुनेश कस्तूरे, प्रकाश ठाकुर, अवध कोकिला, अशोक कोकिला, दौलत महंत, आत्मा महवीर, जय कस्तूरे, भीमसेन नायक, रत्ती राम अमिला सहित समस्त वार्ड पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles