इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता में समृद्धि शर्मा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं

बलौदाबाजार, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट एमडीवी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बलौदाबाजार की कक्षा छठवीं की छात्रा समृद्धि शर्मा का चयन इंस्पायर अवार्ड मानक के 12वें नेशनल लेवल एग्जीबिशन एंड प्रोजेक्ट कॉम्पिटिशन के लिए हुआ है। समृद्धि राष्ट्रीय स्तर पर अपने नवाचारी मॉडल ‘सिलेंडर कैरियर’ का प्रदर्शन करेंगी।

समृद्धि की इस उपलब्धि पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले की छात्रा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। समृद्धि ने अपने नवाचारी मॉडल के माध्यम से रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की क्षमता का परिचय दिया है।

कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देना वर्तमान समय की आवश्यकता है। इंस्पायर अवार्ड मानक जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक विचारों को मॉडल के रूप में प्रस्तुत करने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि समृद्धि जैसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने से जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

12वें नेशनल लेवल एग्जीबिशन एंड प्रोजेक्ट कॉम्पिटिशन का आयोजन 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में किया जा रहा है। विभागीय पत्र के अनुसार चयनित प्रतिभागियों को अपने प्रोटोटाइप मॉडल के साथ निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होना है।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य ऋतु शुक्ला, जिला नोडल अधिकारी कौशिक मुनि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles