सीएम के दौरे से पहले प्रशासन एक्शन में ,विधायक ने हेलीपेड और सभा का किया निरीक्षण

संदीप यादव । मुंगेली। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के भाव को जन-भागीदारी से जोड़ने के लिए पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुंगेली जिले में 12 से 15 अक्टूबर के बीच बड़ा कार्यक्रम रखा गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कंतेली पहुंचेंगे और नवनिर्मित कंतेली महाविद्यालय भवन का लोकार्पण करेंगे। सीएम के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

मुख्यमंत्री कंतेली में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम में शामिल होंगे और क्षेत्र की जनता को संबोधित करेंगे। शिक्षा के लिहाज से यह कार्यक्रम कंतेली समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। नए कॉलेज भवन के शुरू होने से क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए अच्छी अधोसंरचना और बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी को लेकर मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर अमृत विकास टोपनो, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावते सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, गिरीश शुक्ला, मानिक सोनवानी, रजनी सोनवानी, रामशरण यादव, सौरभ बाजपेयी, राज साहू, तारा चंद टंडन, राकेश साहू, राजेश्वर सिंह टंडन, अश्वनी चंद्राकर और जिला व पुलिस प्रशासन के सभी अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मुख्य सभा स्थल, हेलीपैड, पार्किंग, कार्यकर्ताओं के आगमन, प्रवेश-निकास, सुरक्षा, मंच व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियों का अवलोकन किया गया। अधिकारियों को कार्यक्रम को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

Hot Topics

Related Articles