धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी में डॉयल 112 के आरक्षक के आत्महत्या का मामला सामने आया है. कंट्रोल रूम में उसकी फांसी के फंदे पर लटकी हुई लाश बरामद हुई है. मृतक की पहचान ओमप्रकाश सोनवानी के रूप में हुई है, जो डॉयल 112 में आरक्षक के पद पर पदस्थ था. पूरा मामला रुद्री थाना इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, कुरूद का निवासी ओमप्रकाश सोनवानी की ड्यूटी बीती रात डायल 112 के कंट्रोल रूम में तैनात था . नाइट ड्यूटी के दौरान उसने कंट्रोल रूम में ही फांसी लगा ली. घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।फिलहाल आरक्षक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना से पहले आरक्षक की किसी से बातचीत हुई थी या नहीं और क्या किसी तरह का तनाव या अन्य वजह सामने आई थी।






