कोरिया। वाटरशेड ऑर्गनाइजेशन ट्रस्ट (WOTR) के सह-संस्थापक फादर हरमन बाखर बाबा का 102वाँ जन्मदिवस विकासखंड सोनहत के ग्राम अंगवाही में उत्साह एवं सामुदायिक सहभागिता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों, महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों, ग्राम विकास समिति (VDC) के सदस्यों तथा अन्य हितधारकों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जल एवं भूमि संरक्षण का संदेश दिया।
जन्मदिवस समारोह के अवसर पर ग्रामीणों ने स्वैच्छिक श्रमदान के माध्यम से कंटूर ट्रेंच (CCT) निर्माण कार्य किया। इस कार्य का उद्देश्य वर्षा जल का संरक्षण करना, मिट्टी के कटाव को कम करना तथा भूजल स्तर में सुधार लाने में योगदान देना है। ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और गाँव के सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए ग्रामीणों को दो समूहों में विभाजित किया गया तथा प्रत्येक समूह को अलग-अलग जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। दोनों समूहों ने आपसी सहयोग और समन्वय के साथ निर्धारित कार्यों को पूरा किया। इस दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर फादर हरमन बाखर बाबा के योगदान तथा जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और ग्रामीण विकास के प्रति उनके विचारों को याद किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी जल एवं मृदा संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे और गाँव के विकास के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखेंगे।
कार्यक्रम ने ग्रामीणों के बीच एकता, सहयोग, सामुदायिक जिम्मेदारी और श्रमदान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने यह संदेश दिया कि जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से जल एवं भूमि संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ गाँव के सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में वाटरशेड ऑर्गनाइजेशन ट्रस्ट (WOTR) के अधिकारी एवं कार्यकर्ता, ग्राम विकास समिति के सदस्य, महिला समूहों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।






