लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ की बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन, कर्मचारियों ने रखीं अपनी समस्याएं
सिमगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ की बैठक गत दिवस बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा ब्लॉक में आयोजित की गई। संभाग अध्यक्ष दीपक मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में ब्लॉक के बड़ी संख्या में लिपिक शामिल हुए। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से भूपेंद्र साहू को सिमगा तहसील लिपिक संघ का अध्यक्ष तथा संध्या मंडावी को महिला प्रकोष्ठ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी
लिपिक संघ की नई कार्यकारिणी में प्रदीप कुमार निषाद को उपाध्यक्ष, राहुल वर्मा को सचिव, कीर्तन ध्रुव को सह सचिव, भीष्म देव ध्रुव को संगठन सचिव तथा कल्याण सिंह वर्मा को संगठन सह सचिव नियुक्त किया गया।
इसी प्रकार महिला प्रकोष्ठ में रागिनी दांडेकर को उपाध्यक्ष, संजोगा कोसले को सचिव, शारदा साहू को सह सचिव, रेवती नेताम को संगठन सचिव तथा संगीता साहू को संगठन सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
संघ के संरक्षक के रूप में महेंद्र साहू, लेखराम ध्रुव, एस.के. नायक, परमेश्वर सिंह हलदे, नरोत्तम साहू और गुलाब वर्मा को नियुक्त किया गया।
बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान लिपिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को संगठन के समक्ष रखा। कर्मचारियों ने कहा कि आए दिन व्हाट्सएप के माध्यम से तत्काल जानकारी मांगी जाती है, जिससे निर्धारित समय में जानकारी उपलब्ध कराने में परेशानी होती है। इस व्यवस्था को व्यावहारिक बनाने की आवश्यकता जताई गई।
इसके साथ ही जिला स्तरीय बैठकों के समय को लेकर भी चर्चा हुई। लिपिकों ने बताया कि सुबह 10 बजे बैठक आयोजित होने से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले कर्मचारियों को समय पर पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि जिला स्तरीय बैठकों का समय दोपहर 12 बजे निर्धारित किया जाए, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले कर्मचारी सुविधाजनक तरीके से बैठक में शामिल हो सकें।
कर्मचारियों ने यह भी सुझाव दिया कि बैठकों की अवधि पहले से निर्धारित होनी चाहिए, जिससे उन्हें अपने कार्यालयीन कार्यों और आवागमन की योजना बनाने में सुविधा मिले।
संगठन की मजबूती पर दिया गया जोर
बैठक में संभाग अध्यक्ष दीपक मिश्रा सहित उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने पर जोर दिया। नई कार्यकारिणी के गठन से सिमगा ब्लॉक में लिपिक संघ की गतिविधियों को गति मिलने और कर्मचारियों की मांगों को संगठित रूप से सामने रखने की उम्मीद जताई गई।
ये रहे उपस्थित
बैठक में संभाग अध्यक्ष दीपक मिश्रा, सुनील वर्मा, रागिनी दांडेकर, शारदा साहू, संगीता साहू, रेवती नेताम, भारतीय ध्रुव, दुकालू राम गायकवाड, योगेंद्र निषाद, प्रदीप कुमार निषाद, अश्वनी कुमार नागवंशी, गेंदलाल देवांगन, भोला साय, भीष्म देव ध्रुव, कल्याण सिंह वर्मा, संध्या मंडावी, योगिता पटेल, संजोगा कोसले, मीनू दीवान, महेंद्र कुमार साहू, राहुल वर्मा, कीर्तन ध्रुव, शंकर लाल कश्यप, दुष्यंत वर्मा, तेजस्वी ध्रुव, भूपेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में लिपिक उपस्थित रहे।






