पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और पौधरोपण का संदेश लेकर देशभर में की पदयात्रा, युवाओं की भागीदारी को बताया जरूरी
बलौदाबाजार, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और पौधरोपण का संदेश लेकर पांच साल तक देशभर में पैदल यात्रा करने वाले ग्राम जारा निवासी सौरभ देवांगन का बुधवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सम्मान किया। इस दौरान सौरभ ने कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी लंबी यात्रा के अनुभव साझा किए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के अपने प्रयासों की जानकारी दी।
सौरभ देवांगन ने पांच वर्षों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में पैदल यात्रा कर लोगों को पर्यावरण बचाने, स्वच्छता अपनाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। उनकी इस पहल का उद्देश्य आम लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और प्रकृति संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाना रहा।
युवाओं की भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी मजबूती
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सौरभ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। युवाओं की पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ ही लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित कर सकती है।
इस अवसर पर सौरभ देवांगन ने कलेक्टर को पौधा भेंट किया। पौधा भेंट कर उन्होंने हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जल संरक्षण के प्रयासों की भी दी जानकारी
मुलाकात के दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिले में जनसहयोग से किए जा रहे जल संरक्षण के प्रयासों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि जिले में वर्षा जल को सहेजने और पानी की बर्बादी रोकने के उद्देश्य से करीब ढाई लाख जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया गया है।
उन्होंने जल संरक्षण को भविष्य की जरूरत बताते हुए वर्षा जल के संचयन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर दिया।
पांच साल की पैदल यात्रा के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले सौरभ देवांगन का प्रयास युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी पहल यह संदेश देती है कि व्यक्तिगत प्रयासों और जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाई जा सकती है।






