दीपावली से पहले वेतन-बोनस बांटने टैक्स वसूली

बलौदाबाजार,दीपावली के पावन पर्व से ठीक पहले नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार ने बकाएदारों और टैक्स न चुकाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। शासन के कड़े दिशा-निर्देशों के तहत नगर पालिका के राजस्व विभाग की टीम ने 13 और 14 अक्टूबर को शहर में विशेष राजस्व वसूली अभियान चलाया।

दो दिनों तक चले इस ताबड़तोड़ अभियान में पालिका अमले ने कुल 4 लाख 88 हजार 436 रुपए का बकाया टैक्स वसूल कर नगर पालिका के खजाने में जमा कराया। इस विशेष कार्रवाई की सबसे खास बात यह रही कि इसमें बीते 10 वर्षों से पेंडिंग चल रहे बकाए की वसूली भी शामिल है। विभाग से मिले आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 13 अक्टूबर को अभियान के पहले दिन टीम ने शहर के विभिन्न वार्डों में दबिश देकर 1 लाख 64 हजार 236 रुपए का राजस्व जुटाया। दूसरे दिन, 14 अक्टूबर को कार्रवाई की गति और तेज रही। 3 लाख 24 हजार 200 रुपए की बड़ी राशि वसूल की गई। दोनों दिनों की संयुक्त कार्रवाई में 4.88 लाख रुपए से अधिक की वसूली हुई। नगर पालिका प्रशासन ने राहत की सांस ली।

गौरतलब है कि दीपावली का त्योहार सिर पर होने के कारण नगर पालिका प्रशासन पर अधिकारी-कर्मचारियों, सफाई मित्रों और दैनिक वेतनभोगियों के समय पर वेतन व त्योहार अग्रिम/बोनस भुगतान का भारी नैतिक और प्रशासनिक दबाव है। निकाय की वित्तीय स्थिति को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से लंबे समय से अटके जल कर, संपत्ति कर, दुकानों के किराए की वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। अफसरों का जोर इस बात पर है कि बड़े और जिद्दी बकाएदारों से सख्ती से निपटा जाए। वेतन भुगतान में कोई अड़चन न आए। इस सफल वसूली अभियान को अंजाम तक पहुंचाने में नगर पालिका के राजस्व अधिकारी आरसी तिवारी की मुख्य भूमिका रही। उनके साथ सहायक राजस्व निरीक्षक प्रसुन शर्मा, शतेन्द्र सिन्हा, अशोक यादव और नंदकिशोर नेताम सहित पूरी टीम मैदान में डटी रही। विभागीय अमले ने घर-घर और व्यावसायिक संस्थानों में सीधे बकाएदारों से संपर्क किया। पेंडिंग खाता क्लीयर कराया। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में भी यह वसूली अभियान इसी तेवर के साथ जारी रहेगा। निकाय की आय बढ़ेगी। शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को भी गति मिलेगी।

 

Hot Topics

Related Articles