जांजगीर-चांपा।नीदरलैंड के रहने वाले 32 वर्षीय क्रिस्टीयान एंड्रियश वरबूम और छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम भुईगांव की रहने वाली 25 वर्षीय क्रिस्टीना नथेनियल का सात समंदर पार का प्यार अब आधिकारिक तौर पर शादी के मुकाम तक पहुंच गया है।
इन दोनों की यह अनोखी प्रेम कहानी यूरोप के देश नीदरलैंड में शुरू हुई थी, जहां क्रिस्टीना नथेनियल नौकरी के सिलसिले में गई हुई थीं। वहां रहने के दौरान उनकी मुलाकात नीदरलैंड के निवासी क्रिस्टीयान एंड्रियश वरबूम से हुई, जो वक्त के साथ गहरी दोस्ती और फिर दोनों के बीच अटूट प्यार में बदल गई। एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला करने के बाद दोनों ने भारत में कानूनी तौर पर विवाह करने की ठानी, जिसके लिए दूल्हा क्रिस्टीयान सीधे नीदरलैंड से अपनी दुल्हन के गृह जिले जांजगीर-चांपा पहुंचे।
दोनों ने जांजगीर-चांपा के जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विवाह अधिकारी प्रमोद गुप्ता के समक्ष विशेष विवाह अधिनियम (स्पेशल मैरिज एक्ट) की धारा-5 के तहत शादी की कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। कलेक्टोरेट परिसर में तीन गवाहों और क्रिस्टीना के परिजनों की मौजूदगी में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, जिसके बाद विवाह अधिकारी ने उनके विवाह को वैध घोषित करते हुए विवाह प्रमाण पत्र जारी किया।
क्रिस्टीयान के पिता विलेम डीर्क वरबूम और क्रिस्टीना के पिता हनोल नथेनियल सहित पूरा परिवार इस अंतरराष्ट्रीय विवाह से बेहद खुश नजर आया। इस अनोखी शादी की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहे हैं, जहां लोग दो अलग-अलग संस्कृतियों और देशों के इस खूबसूरत मिलन की सराहना करते हुए नवदम्पति को उनके नए जीवन की शुभकामनाएं दे रहे हैं।






