भिलाई स्टील प्लांट मुद्दा : भूपेश-देवेंद्र के घर के सामने धरना देंगे रिकेश सेन!

भिलाई।रिसाली विधानसभा से भाजपा विधायक रिकेश सेन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसने राजनीतिक गलियारों में तापमान फिर बढ़ा दिया. उन्होंने लिखा कि “भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के निवास के सामने धरना जल्द दूंगा, आपने अफवाह उड़ाया कि भिलाई इस्पात संयंत्र बिक रहा है.” ।

फिलहाल वह भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के घर किस दिन धरना देंगे यह उन्होंने स्पष्ट नहीं किया है. हालांकि ‘जल्द’ ही प्रदर्शन की बात कही है.

कांग्रेस का आरोप – “BSP का होगा निजीकरण” 

बीएसपी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया था. इसमें बघेल ने लिखा कि उन्हें जानकारी मिली है कि एक उद्योगपति भिलाई इस्पात संयंत्र देखने आने वाले हैं. इसका मतलब ये है कि देश बेचने का अभियान चला रहे नरेंद्र मोदी की नजर अब हमारे बीएसपी पर है और उनके प्रिय खरीददार मुआयना करने आ रहे हैं. बघेल ने आगे लिखा है कि मोदी जी समझ लें कि बीएसपी छत्तीसगढ़ की आत्मा है और हम छत्तीसगढ़वासी इसे किसी सूरत में बिकने नहीं देंगे. किसी भी सूरत में नहीं. यह बात छत्तीसगढ़ भाजपा के नेता भी समझ लें कि बीएसपी बिकाऊ नहीं है।

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भी भूपेश बघेल का समर्थन करते हुए सवाल उठाया था कि क्या सरकार इस बात की गारंटी देगी कि भिलाई स्टील प्लांट और NMDC को नहीं बेचा जाएगा. उन्होंने आशंका जताई कि अब भिलाई स्टील प्लांट को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं के आरोपों के बाद अब भाजपा विधायक रिकेश सेन ने सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के घर के बाहर धरना देने की बात कही है. हालांकि देखना होगा कि कब वह धरना की तारीख और समय की घोषणा करते हैं।

Hot Topics

Related Articles