मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में किया सम्मानित, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं प्रशंसा
रायपुर। जापान में आयोजित 20वें एशियाई खेलों में छत्तीसगढ़ के जशपुर निवासी एथलीट अनिमेष कुजूर ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन से देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने मिक्स्ड रिले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया। उनकी इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ आगमन के दौरान उनका जोरदार स्वागत किया गया।
अनिमेष कुजूर के छत्तीसगढ़ आगमन पर मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में उन्हें और उनके परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने अनिमेष को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया देश का मान
अनिमेष कुजूर अपनी प्रतिभा, मेहनत और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर कई अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीत चुके हैं। उनकी खेल उपलब्धियों की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मन की बात जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से कर चुके हैं। अनिमेष की सफलता देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
खेल जगत की हस्तियों ने दी बधाई
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव विक्रम सिंह सिसोदिया, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो, उप संचालक रश्मि ठाकुर, संयुक्त संचालक प्रभाकर पांडे, जी.एस. बामरा, परविंदर सिंह ग्रेवाल, आदित्य सिंह ठाकुर, रितिका सिंह, अमृत कुजूर, रीना कुजूर, अनिमा कुजूर, अनिकेत, समीर कुजूर, प्रवेश जोशी, निंग राज रेड्डी, रवि धनगर, विनोद नायर, सुनील नायर, सुदर्शन सिंह, दिनेश तांडी, आशीष जायसवाल, अनिरुद्ध सुना, गौतम मिरी, दीपक पटेल, रवि राजा एवं तुलसी साहू सहित एथलेटिक्स खेल से जुड़े प्रशिक्षक और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभी ने अनिमेष कुजूर को उनकी उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।






