सिमगा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त
बलौदाबाजार। सिमगा थाना क्षेत्र में एक युवती का लगातार पीछा करने, चाकू दिखाकर शादी के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के विरोध करने पर युवक ने उसके दाहिने हाथ के अंगूठे के पास चाकू से वार कर दिया। घटना की शिकायत मिलने के बाद सिमगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी जब्त किया है।
कंप्यूटर सेंटर जाते समय रोका
पुलिस के अनुसार, पीड़िता 16 अप्रैल 2026 से सिमगा थाना क्षेत्र स्थित एक कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर में कोर्स कर रही है। इसी दौरान आरोपी खिलावन निषाद उसका पीछा कर उसे परेशान करता था।
16 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे युवती कंप्यूटर सेंटर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके पीछे आया और शादी करने की बात कहते हुए चाकू दिखाकर डराने लगा। युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके दाहिने हाथ के अंगूठे के पास चाकू से वार कर घायल कर दिया। युवती की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया।
शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद पीड़िता ने सिमगा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 457/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 78(2), 351(2), 115(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
आरोपी के कब्जे से चाकू जब्त
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक चाकू जब्त किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर 16 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की गई।
रायपुर जिले का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान खिलावन निषाद (23 वर्ष), पिता धरमू निषाद, निवासी ग्राम गुजरा, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा गौरव राय के निर्देशन में महिलाओं की सुरक्षा और उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने महिलाओं को परेशान करने, धमकी देने और हिंसा करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।






