सरकार बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही: कौशिक, उमरिया में आंगनबाड़ी केंद्र व मंगल भवन का लोकार्पण

संदीप यादव सरगांव/ मुंगेली । ग्राम पंचायत उमरिया में बिल्हा विधायक एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष *धरमलाल कौशिक ने 16.69 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें 11.69 लाख रुपये का आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 और 5 लाख रुपये का मंगल भवन* शामिल है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य *अंबालिका साहू* ने की। इस अवसर पर विधायक कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री *विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य* कर रही है। गांवों में आवश्यक अधोसंरचनाओं का विकास शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक देखभाल और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, वहीं मंगल भवन सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन में उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने निर्माण कार्यों के समुचित रखरखाव और ग्रामीणों को इनका लाभ दिलाने पर जोर दिया।

भाजपा जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण विकास को गति मिल रही है।

जनपद पंचायत सदस्य रिजवान हक ने विकास कार्यों की सौगात के लिए विधायक के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिलेगी।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, रणजीत सिंह, विष्णु राजपूत सहित पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles