28 वर्षीय CHO कमलेश्वरी साहू की मौत से धरमपुरा में सनसनी, PM के बाद शव परिवार को सौंपा

संदीप यादव मुंगेली/जरहागांव -ग्राम धरमपुरा के उप स्वास्थ्य केंद्र में तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कमलेश्वरी साहू (28) का शव शासकीय आवास में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जरहागांव पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पंचनामा की कार्रवाई कर मामले में मर्ग कायम किया और जांच शुरू कर दी।

नौकरानी के पहुंचने पर खुला मामला

पुलिस के मुताबिक मृतका के पिता अर्जुन साहू (55), निवासी रामायण चौक खर्रीपारा मुंगेली ने 18 अक्टूबर को थाने में सूचना दी। उन्होंने बताया कि बेटी कमलेश्वरी का शव धरमपुरा के शासकीय क्वार्टर में संदिग्ध हालत में मिला है।

जानकारी के अनुसार रविवार शाम सफाई कर्मी जब क्वार्टर पर पहुंची तो अंदर से दरवाजा बंद मिला। काफी आवाज देने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने घबराकर गांव के कोटवार और आसपास के लोगों को बताया। इसके बाद परिजनों को अवगत कराया गया। अंदर जाकर देखने पर कमलेश्वरी मृत अवस्था में मिली, जिससे गांव में सनसनी फैल गई।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेली जिला अस्पताल ले जाया गया। रात ज्यादा होने से शव को मरचुरी में सुरक्षित रखवाया गया। 19 अक्टूबर को पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

मौत का कारण जांच में स्पष्ट होगा

कमलेश्वरी साहू धरमपुरा उप स्वास्थ्य केंद्र में CHO के पद पर कार्यरत थीं। किन हालात में उनकी मौत हुई, इसके पीछे क्या वजह रही, अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत को लेकर वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।

Hot Topics

Related Articles