संदेह: निर्माणाधीन पुल पर युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंकादो माह बाद भी मौत का कारण साफ नहीं, पुलिस जांच पर परिजनों ने उठाए सवाल पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर अंतिम निष्कर्ष का इंतजार

संदीप यादव मुंगेली | सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अमरटापू-मोतिमपुर में बन रहे पुल पर युवक की संदिग्ध हालत में मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। घटना को लगभग दो महीने बीत जाने के बाद भी मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, जिसको लेकर मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिवार का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला हो सकता है। साथ ही उन्होंने अंतिम समय में मृतक के साथ मौजूद तीन युवकों पर भी शक जताया है।

जानकारी के अनुसार टेढ़ाधौरा का रहने वाला पीयूष सिंह (23 वर्ष) कांति कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार के अधीन निर्माणाधीन पुल पर चौकीदारी का काम करता था। 20 अगस्त को उसका शव निर्माण स्थल पर संदिग्ध अवस्था में मिला था। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी, मगर अब तक मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम नतीजा सामने नहीं आ सका है।

शव की हालत देखकर परिजनों को हत्या का शक

परिजनों ने बताया कि मौके पर शव की स्थिति ऐसी नहीं थी कि इसे आत्महत्या माना जाए, इसलिए उन्हें हत्या का संदेह है। उनका आरोप है कि घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और जांच में लापरवाही बरती। इसी को लेकर परिजनों ने पुलिस को चार पन्नों का लिखित दस्तावेज दिया है, जिसमें उन सभी बिंदुओं का जिक्र किया गया है जिनके आधार पर वे पीयूष की हत्या की आशंका जता रहे हैं। परिवार ने पीयूष के साथ आखिरी वक्त में मौजूद रहे तीन युवकों पर भी संदेह व्यक्त किया है, हालांकि पुलिस की तरफ से अभी तक किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।

रिपोर्ट आने के बाद होगा अंतिम फैसलापरिजनों के अनुसार पोस्टमार्टम के दौरान भी मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया था। इसके बाद पुलिस ने विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेज दिया था। अब विसरा रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम से जुड़े सभी दस्तावेज जिला अस्पताल के डॉक्टर के पास भेजे गए हैं, ताकि मौत के कारण पर अंतिम राय मिल सके।

इस मामले में मुंगेली एसडीओपी आशीष अरोड़ा का कहना है कि सभी संबंधित रिपोर्ट चिकित्सक को भेज दी गई हैं। एक-दो दिन में डॉक्टर की फाइनल रिपोर्ट आने की संभावना है। रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पीयूष की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है, यह जांच का विषय बना हुआ है।

Hot Topics

Related Articles