- सिलतरा में खाकी को ठेंगा और बदमाशों का तांडव
विद्याभूषण वर्मा ,धरसींवा। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और ग्रामीण क्षेत्र सिलतरा में पुलिसिया सुस्ती का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों और बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पवित्र धार्मिक आयोजनों को भी लहूलुहान करने से बाज नहीं आ रहे हैं। दुर्गा विसर्जन के दौरान सरेआम अवैध देशी कट्टा और धारदार चाकू लहराकर दहशत फैलाने का एक मामला सामने आया है। जब कुछ जिम्मेदार युवकों ने इस हुड़दंग का विरोध किया, तो कुख्यात ‘कबाड़ी किंग’ के परिवार और उसके गुर्गों ने बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक को घेरकर बेरहमी से पीट दिया। सिर पर ईंट से वार करने के साथ ही उसकी पीठ में चाकू घोंप दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में खौफ और आक्रोश का माहौल है।
दुर्गा विसर्जन में हथियारों का प्रदर्शन और उपजा विवाद
यह सनसनीखेज वारदात ग्राम पंचायत सिलतरा में दुर्गा विसर्जन यात्रा के दौरान शुरू हुई। जुलूस में कुछ मनचले और दबंग युवक कानून और प्रशासन की परवाह किए बिना सरेआम अवैध देशी कट्टा और धारदार हथियार लहराते हुए नाच रहे थे। हथियारों के इस खुले प्रदर्शन से वहां मौजूद महिलाओं, बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई। जब गांव के कुछ युवकों ने शांति और सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें ऐसा करने से रोका, तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए।
कबाड़ी किंग परिवार की दबंगई और पुराना आपराधिक इतिहास
इलाके में चर्चा है कि इस खूनी खेल को अंजाम देने वाला परिवार ‘कबाड़ी किंग’ के नाम से कुख्यात है। इनका अवैध कबाड़ के कारोबार की आड़ में आपराधिक गतिविधियों से पुराना नाता रहा है। मुख्य आरोपी अब्दुल बसीर खान उर्फ नज्जू खान और उसके लड़के इलाके में अपनी धौंस और दबंगई कायम रखने के लिए अक्सर छोटी-छोटी बातों पर आम नागरिकों से विवाद और मारपीट करते रहते हैं, जिससे स्थानीय लोगों में लंबे समय से रोष व्याप्त है।
सिलतरा चौक पर घेरकर सिर और पीठ पर किया जानलेवा हमला
घटना की शुरुआत 20 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे हथनीन तालाब के पास हुई, जहां नज्जू खान के लड़के साईं बिहार समिति के सदस्यों से उलझ रहे थे। 28 वर्षीय प्रार्थी युवराज वर्मा जब बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपी वहां से धमकी देकर चले गए। इसके बाद, शाम करीब 6:00 बजे जब युवराज सिलतरा चौक पर खड़ा था, तब नज्जू खान ने अपने बेटों नसीम खान, वसीम खान और अन्य साथियों को वहां बुला लिया। आरोपियों ने गालियां देते हुए युवराज को घेर लिया। नसीम खान ने ईंट से उसके सिर पर वार किया, वसीम खान ने हाथ में पहने कड़े और मुक्कों से चेहरे व नाक पर प्रहार किए, और इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक आरोपी ने उसकी पीठ में धारदार चाकू घोंप दिया।
- मुख्य आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग पकड़ाया, बाकी फरार
पिता पुत्र गिरफ्तार ,,,फरार की तलाश
सिलतरा थाना प्रभारी श्री सत्येंद्र सिंह ने बताया कि लहूलुहान हालत में पीड़ित युवराज ने सिलतरा थाने पहुंचकर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 अक्टूबर को मुख्य आरोपी अब्दुल बसीर खान उर्फ नज्जू खान (51 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, इस वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जिसके कब्जे से चाकू बरामद कर बाल न्यायालय माना रायपुर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर फरार वसीम खान, नसीम खान और उनके साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।






