डोंगरगांव : 61 फीट के रावण ने खींचा आकर्षण, 51 फीट के रावण का भी हुआ दहन

  • तीन स्थानों पर दशहरा महोत्सव, रामलीला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां; उद्घोषक ने किया पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जिक्र

दीपक अवस्थी, डोंगरगांव ।नगर में दशहरा महोत्सव के दौरान 61 और 51 फीट के रावण का दहन आकर्षण का केंद्र रहा। निशांत दुर्गा उत्सव समिति ने स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में 61 फीट के रावण का दहन किया, जबकि जन महोत्सव समिति ने नगर पंचायत के सहयोग से कॉलेज मैदान में 51 फीट के रावण दहन के साथ रामलीला का आयोजन किया। वहीं, महामाया दशहरा उत्सव समिति ने बीटीआई ग्राउंड में भी दशहरा उत्सव आयोजित किया। तीनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

जन महोत्सव समिति के आयोजन में रामलीला मंचन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। इस दौरान उद्घोषक ने राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार’ के संदर्भ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जिक्र किया, जो चर्चा का विषय रहा। कार्यक्रम में डेविड निराला, गरिमा ठाकुर सहित अन्य कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। वहीं, निशांत दुर्गा उत्सव समिति के आयोजन में आस्था शर्मा, शिवम यादव और स्वाति वैष्णव की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मनोरंजन किया।

सुरक्षा के रहे इंतजाम

दशहरा महोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर निगरानी रखी गई। कुछ लोगों को नजरबंद किए जाने की भी जानकारी सामने आई।

कार्यक्रमों में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दिनेश गांधी और भरत वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी, उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles