जनसंवाद में रेलवे सलाहकार समिति के सदस्यों ने उठाए यात्री सुविधाओं, ट्रेनों की लेटलतीफी और स्टेशन के विकास से जुड़े अहम मुद्दे

एडीआरएम बजरंग अग्रवाल ने विकास कार्यों में तेजी लाने का दिया आश्वासन, मार्च तक स्टेशन के उद्घाटन का लक्ष्य

भाटापारा, 22 अक्टूबर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल द्वारा गुरुवार को भाटापारा रेलवे स्टेशन परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एडीआरएम बजरंग अग्रवाल एवं एसीएम राजेश कुमार शाह की उपस्थिति में रेलवे सलाहकार समिति के सदस्यों और नागरिकों ने यात्री सुविधाओं, ट्रेनों की लेटलतीफी, स्टेशन के निर्माण कार्य तथा रेल परिचालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। अधिकारियों ने समस्याओं पर उचित कार्रवाई और यात्री सुविधाओं में सुधार का आश्वासन दिया।

रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य अमरजीत सिंह सलूजा ने बताया कि जनसंवाद के दौरान यात्रियों की रोजमर्रा की परेशानियों से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दे अधिकारियों के समक्ष रखे गए। सदस्यों ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाएगा।

मातादेवालय की ओर लिफ्ट, एस्केलेटर और टिकट घर की मांग

अनिल किंग्रानी ने मातादेवालय की ओर रहने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए स्टेशन पर लिफ्ट, एस्केलेटर और टिकट घर की व्यवस्था करने की मांग रखी। इस पर एडीआरएम बजरंग अग्रवाल ने बताया कि फेस-2 के अंतर्गत इन कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है। संबंधित कार्य शुरू होने के बाद यात्रियों को इन सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

आरक्षण टिकट के लिए नकद भुगतान का विकल्प जारी

रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य अमरजीत सिंह सलूजा ने आरक्षण टिकट बनवाने के दौरान नकद भुगतान के विकल्प को लेकर यात्रियों की समस्या उठाई। इस पर एसीएम राजेश कुमार शाह ने स्पष्ट किया कि डिजिटल भुगतान अनिवार्य नहीं है। डिजिटल भुगतान की सुविधा का लाभ लेने वाले यात्रियों को पेटीएम सहित अन्य ऑनलाइन माध्यमों के उपयोग के लिए जागरूक किया जा रहा है।

रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर ट्रेनों की देरी से यात्री परेशान

अमरजीत सिंह सलूजा ने भाटापारा से रायपुर और बिलासपुर जाने वाली ट्रेनों के रास्ते में रुकने तथा दो से तीन घंटे तक विलंब से चलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ट्रेनों की देरी के कारण विद्यार्थियों, बच्चों, बुजुर्गों और दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

एडीआरएम बजरंग अग्रवाल ने बताया कि ट्रैक और रेल लाइनों से संबंधित कार्य प्रगति पर हैं। छत्तीसगढ़ से कोयले और स्पंज आयरन की बड़े पैमाने पर ढुलाई होने के कारण रेल परिचालन पर दबाव रहता है। संबंधित कार्य पूरे होने के बाद ट्रेनों के परिचालन में सुधार आने की उम्मीद है।

दैनिक यात्रियों के लिए स्लीपर या एसी कोच में बैठने की व्यवस्था की मांग

वासु मखीजा ने दैनिक यात्रियों की सुविधा के लिए स्लीपर अथवा एसी कोच में बैठने की व्यवस्था दोबारा शुरू करने की मांग रखी। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की व्यवस्था पूर्व में संचालित थी। इस संबंध में प्राप्त प्रस्ताव को उचित विचार और निर्णय के लिए रेलवे मुख्यालय भेजा जाएगा।

स्टेशन के सामने की सड़क सुधारने और प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रेनों के संचालन की मांग

गौरव जैन एवं रविंद्र जैन ने रेलवे स्टेशन के सामने की सड़क की खराब स्थिति में तत्काल सुधार करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर यात्री ट्रेनों का आगमन पुनः शुरू कराने का मुद्दा भी उठाया। बैठक में मौजूद अन्य नागरिकों ने भी स्टेशन की व्यवस्थाओं और यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए अपने सुझाव दिए।

मार्च तक स्टेशन के उद्घाटन का लक्ष्य

लक्ष्मी नारायण सोनी ने रेलवे स्टेशन के निर्माण एवं विकास कार्यों की धीमी गति पर चिंता जताते हुए इन्हें शीघ्र पूरा करने की मांग की। इस पर एडीआरएम बजरंग अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि रेलवे प्रशासन का पूरा प्रयास है कि स्टेशन का उद्घाटन मार्च माह तक कराया जाए।

अधिकारियों और समिति सदस्यों ने किया श्रमदान

जनसंवाद कार्यक्रम के बाद एडीआरएम बजरंग अग्रवाल, एसीएम राजेश शाह, स्टेशन मैनेजर अजय कुमार तथा स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्यों ने स्टेशन परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान चलाया। अधिकारियों और सदस्यों ने स्वयं श्रमदान कर यात्रियों एवं नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।

राजेश शर्मा को डीआरयू सदस्य बनने पर दी बधाई

कार्यक्रम के दौरान राजेश शर्मा को डीआरयू सदस्य बनाए जाने पर रेलवे सलाहकार समिति के सदस्यों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सदस्यों ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और सहयोग से क्षेत्र की रेल संबंधी समस्याओं को रेलवे प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार में सकारात्मक योगदान मिलेगा।

ये सदस्य रहे उपस्थित

जनसंवाद कार्यक्रम में रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य अमरजीत सिंह सलूजा, लक्ष्मी नारायण सोनी, रविंद्र जैन, गौरव जैन, सुरेश भंसाली, वासु मखीजा एवं अभिषेक मोदी सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दे भाटापारा रेलवे स्टेशन के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेल सेवाओं में सुधार की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहे। समिति के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करेगा।

Hot Topics

Related Articles