राष्ट्रीय खेल दिवस पर विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का सम्मान

भाटापारा। बलौदाबाजार जिला ओलंपिक संघ एवं क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों का सम्मान समारोह मयूर विद्यालय, भाटापारा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पलारी, भाटापारा, बलौदाबाजार एवं सिमगा क्षेत्र के विभिन्न खेलों से जुड़े लगभग 150 खिलाड़ी शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के स्मरण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने वाले कोचों का भी सम्मान किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. विकास आडील उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि अश्वनी शर्मा ने बलौदाबाजार जिला ओलंपिक संघ एवं क्रीड़ा भारती द्वारा खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण एवं टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम के संयोजक एवं बलौदाबाजार जिला ओलंपिक संघ के सचिव आदित्य सिंह ठाकुर ने बताया कि 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न विकासखंडों में वॉलीबॉल, फुटबॉल, एथलेटिक्स, कुराश, कबड्डी एवं क्रिकेट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा खेल संस्कृति को मजबूत करना है।

इस अवसर पर राजकुमार मल, वीरेंद्र पटेल, वर्षा मिरी, गौतम, सुमित सिंह, सुब्बू दास मानिकपुरी, अखिलेश कैवर्त्य एवं रमा टंडन सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

Hot Topics

Related Articles