शहर के व्यस्ततम क्षेत्र दाऊपारा में बस चालकों की मनमानी चरम पर

संदीप यादव मुंगेली। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र दाऊपारा में बस चालकों की मनमानी चरम पर है। अवैध तरीके से सड़क पर ही बस खड़ी कर सवारी भरने और उतारने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मनमानी के चलते आए दिन दाऊपारा में जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

जानकारी के अनुसार यह स्टॉपेज पूरी तरह से निषेध है। प्रशासन द्वारा बस संचालकों को अन्य निर्धारित स्थान पर गाड़ी खड़ी कर सवारी भरने की अनुमति दी गई है, इसके बावजूद चालक मनमानी तरीके से मेन रोड पर ही बस खड़ी कर देते हैं। बसों के सड़क पर खड़े होने से पीछे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। स्कूली बच्चों, एंबुलेंस और ऑफिस जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है।

सड़क में गाड़ी खड़ी कर के सामान उतारते मॉल वाहन 

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से शाम तक यही हाल रहता है। मुंगेली-बिलासपुर, लोरमी, पथरिया रूट की दर्जनों बसें बिना किसी डर के सड़क को ही स्टैंड बना देती हैं। कई बार दो-दो बसें एक साथ सड़क पर खड़ी हो जाती हैं, जिससे पूरा मार्ग ब्लॉक हो जाता है। दुकानदारों का भी कहना है कि बसों के कारण उनके दुकानों के सामने ग्राहक नहीं आ पाते और धूल-धुएं से परेशानी अलग।

सड़क पर लगी बिरयानी की दुकान रात में यहां गाड़ियों की कतार लग जाती है     

सबसे बड़ी बात यह है कि इस पूरे मामले में पुलिस भी नाकाम साबित हो रही है। यातायात पुलिस द्वारा कभी-कभार चालानी कार्रवाई का दिखावा तो किया जाता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। लोगों का आरोप है कि बस संचालकों पर पुलिस का कोई खौफ नहीं है। समझाइश देने के बाद कुछ देर के लिए बसें हटती हैं और फिर वहीं मनमानी शुरू हो जाती है।

सोनकर सेल्स के पास सड़क में अवैध पार्किंग

जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से मांग है कि दाऊपारा में अवैध बस स्टॉपेज पर सख्त कार्रवाई की जाए। निर्धारित स्थान के अलावा सड़क पर खड़ी होने वाली बसों पर जुर्माना और कड़ी कार्रवाई हो, तभी इस समस्या से निजात मिल सकेगी।

अब देखना होगा कि खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन इस गंभीर समस्या पर ध्यान देता है या फिर बस चालकों की मनमानी यूं ही जारी रहेगी।

Hot Topics

Related Articles