जियाउल खान ,लखनपुर /सरगुजा
- अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से हुआ हादसा, घायल जिला अस्पताल रेफर; पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश
लखनपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर जजगा के पास शुक्रवार, 23 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात पिकअप वाहन की तलाश में पुलिस जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिद्धमा निवासी जयपाल कंवर अपने रिश्तेदार नितेश कुमार, पिता रामाधार, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम केवरा, थाना लखनपुर के साथ उदयपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर गया था। दोनों टीवीएस अपाचे बाइक क्रमांक CG 16 CM 3703 से अपने गृह ग्राम केवरा लौट रहे थे। इसी दौरान जजगा के पास साइड से आए अज्ञात पिकअप वाहन की चपेट में आने से दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में जयपाल कंवर के सिर में गंभीर चोट आई और हाथ-पैर में भी चोटें आईं। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नितेश कुमार का पैर टूटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद घायल नितेश को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया। शनिवार, 24 अक्टूबर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों की रिपोर्ट पर लखनपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
नेशनल हाईवे पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों और गांव में शोक व्याप्त है। अब पुलिस की जांच के बाद ही हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







