लोककला हमारी सांस्कृतिक पहचान, नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम : अश्वनी शर्मा

नयापारा (दौरेंगा)। दीपावली पर्व के अवसर पर ग्राम नयापारा (दौरेंगा) में 16 नवंबर 2026 को भव्य सांस्कृतिक संध्या ‘सुर सरोवर’ का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति और पारंपरिक लोककलाओं से सजी इस संध्या में सुप्रसिद्ध लोकगायक आशु बघेल एवं छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक लोककला मंच ‘सुर सरोवर’ के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

लोकगीतों और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा माहौल छत्तीसगढ़ी रंग में रंग गया। आशु बघेल की मधुर गायकी पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम में नयापारा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया।

लोकसंस्कृति के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककला, लोकगीत और लोकपरंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक हैं। हमारी संस्कृति केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली, सामाजिक मूल्यों और पूर्वजों की विरासत की जीवंत अभिव्यक्ति है।

उन्होंने कहा कि सुवा, पंथी, करमा, राउत नाचा सहित छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककलाएं हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती हैं। इन परंपराओं को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। ग्राम स्तर पर आयोजित होने वाले ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ लोककलाकारों का उत्साहवर्धन भी करते हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि कला और संस्कृति से जुड़े आयोजन समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोते हैं। इससे आपसी प्रेम, सद्भाव, सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में लोककलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहन मिलना चाहिए, ताकि हमारी परंपराएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और गौरव का विषय बनी रहें।

उन्होंने सफल आयोजन के लिए ग्राम पंचायत के सरपंच खेलावन साहू, समस्त पंचगण, आयोजन समिति और ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीणों की सामूहिक सहभागिता और सहयोग से ही ऐसे भव्य एवं सफल आयोजन संभव हो पाते हैं।

जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष सिमगा गोपाल शुक्ला, प्रांतीय छत्तीसगढ़ सतनामी समाज विकासखंड भाटापारा के अध्यक्ष टेकराम मिरी, एल्डरमैन एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष भाटापारा डॉ. मोहन बांधे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष भाटापारा ओमप्रकाश रात्रे, भाजपा जिला महामंत्री एवं अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ माखन महिलांगे, छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति/जनजाति छात्र संगठन के अध्यक्ष एवं सतनामी समाज भाटापारा युवा प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष अमित बंजारे, हरीश लहरे सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत के सरपंच खेलावन साहू, समस्त पंचगण एवं ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से किया गया। मंच संचालन करण माण्डले ने किया।

अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने ‘सुर सरोवर’ की सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।

Hot Topics

Related Articles