सेमरिया घाट मेले में मांस-मटन की बिक्री पर रोक लगाने की मांग, एसडीएम-एसडीओपी को सौंपा ज्ञापन

भाटापारा। स्नान-दान के महापर्व कार्तिक पूर्णिमा पर शिवनाथ नदी के तट स्थित सेमरिया घाट में प्रतिवर्ष भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाते हैं। मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने तथा मेला क्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई गई है।

कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन देवता धरती पर आते हैं और जनमानस को आशीर्वाद प्रदान करते हैं। यही वजह है कि इस पर्व पर नदियों के तटों पर श्रद्धालुओं का विशाल जनसमूह उमड़ता है। भाटापारा से लगभग सात किलोमीटर दूर शिवनाथ नदी के तट पर स्थित सेमरिया घाट में भी प्रतिवर्ष भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें भाटापारा सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

इस वर्ष 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भी मेले में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए शहर के नागरिकों ने प्रशासन से व्यवस्थाओं में विशेष सतर्कता बरतने की मांग की है। इसी सिलसिले में नागरिकों ने एसडीओपी रणविजय सिंह एवं एसडीएम श्यामा पटेल के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, यातायात को सुचारू बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम करने के साथ ही पूरे मेला परिक्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की गई।

इस अवसर पर मुकेश शर्मा, हरिहर शर्मा, ललित तिवाड़ी, गिरधर गोपाल शर्मा, संजय पाण्डेय, सुनील तिवारी, भूमेश पाण्डेय, मोनू मानिक, प्रसाद दुबे, डॉ. वाय.पी. सोनी सहित अनेक नागरिक उपस्थित थे।

Hot Topics

Related Articles